The Duniyadari : Bilaspur- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के साथ ही सोमवार, 15 जून से न्यायिक कार्य सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा। करीब एक महीने के अवकाश के बाद सभी खंडपीठों और एकलपीठों में नियमित मामलों की सुनवाई होगी। इसके लिए आगामी सप्ताह की कॉज लिस्ट भी जारी कर दी गई है।
अदालत में 18 मई से शुरू हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान केवल जरूरी और अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई की गई। इस अवधि में विशेष अवकाशकालीन पीठों का गठन किया गया था, जिन्होंने सप्ताह में निर्धारित दिनों पर मामलों की सुनवाई कर कई महत्वपूर्ण आदेश जारी किए।
अब नियमित कार्य शुरू होने से लंबे समय से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की संभावना है। न्यायालय प्रशासन ने पहले ही विशेष कार्य व्यवस्था को समाप्त कर दिया है और अधिवक्ताओं की अदालत में भौतिक उपस्थिति भी फिर से शुरू हो रही है।
हाईकोर्ट में पारंपरिक सुनवाई के साथ-साथ डिजिटल सुविधाओं को भी जारी रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर पक्षकार और अधिवक्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। अदालत के सामान्य संचालन की बहाली से न्यायिक प्रक्रिया को फिर गति मिलने की उम्मीद है।















