The Duniyadari: न्यायधानी बिलासपुर में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा की है, जहां ड्यूटी पर पहुंचे शिक्षक को एक युवक ने तीन बार हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
जानकारी के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा शनिवार सुबह करीब 10 बजे जनगणना कार्य के सिलसिले में गांव पहुंचे थे। इसी दौरान मकान क्रमांक 141 के पास गांव के ही निर्मल सतनामी ने उनसे पूछताछ शुरू की और बिना किसी ठोस कारण के विवाद करते हुए मारपीट करने लगा।
शिक्षक ने जब अपना अधिकृत पहचान पत्र दिखाया, तब भी आरोपी ने उस पर विश्वास नहीं किया और दोबारा हमला कर दिया। डर के कारण शिक्षक पंचायत भवन पहुंचे और सरपंच को पूरी घटना बताई, लेकिन वहां भी आरोपी पहुंच गया और शिक्षक का आईडी कार्ड व शर्ट फाड़ दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
इसके बाद जब शिक्षक दगौरी की ओर जा रहे थे, तब आरोपी ने चुराघाट तक उनका पीछा किया। इस पूरी घटना से शिक्षक काफी डरे हुए हैं। उन्होंने मामले की जानकारी प्रशासन और शिक्षा विभाग को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
बिल्हा थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी निर्मल सतनामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221 और 121(1) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।



































