Saturday, May 2, 2026
Home Breaking जनगणना प्रशिक्षण से गैरहाजिर शिक्षक निलंबित, विभागीय नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

जनगणना प्रशिक्षण से गैरहाजिर शिक्षक निलंबित, विभागीय नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

11

The Duniyadari: जशपुर-  आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत प्रथम चरण में भवन क्रमांकन और मकान सूचीकरण कार्य के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण 15 से 17 अप्रैल 2026 तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलदुला में संपन्न हुआ।

तहसीलदार एवं ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज जनगणना अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि प्राथमिक शाला सरहापानी (ग्राम पतराटोली) में पदस्थ सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे। इस पर 19 अप्रैल को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

इसके बाद 21 अप्रैल को जिला स्तर से पुनः नोटिस जारी किया गया, फिर भी संबंधित शिक्षक ने कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरती और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की।

प्रकरण को गंभीर मानते हुए यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 एवं 7 का उल्लंघन पाया गया। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत सत्यजीत निराला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, दुलदुला कार्यालय निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।