Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking डायल 112 चालक पर चाकू से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

डायल 112 चालक पर चाकू से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

18

The Duniyadari: रायगढ़- कोतवाली थाना क्षेत्र में डायल 112 वाहन के चालक पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान जितेन्द्र कुमार टण्डन (30 वर्ष), निवासी रामभाठा, रायगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे कोतरारोड़ स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान के पास हुई। डायल 112 में निजी चालक के रूप में कार्यरत मुकेश नायक (26 वर्ष), निवासी सराईभदर थाना जूटमिल, अपनी स्कूटी (CG 13 AW 8598) से शराब दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और बिना किसी वजह के विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि युवकों ने मुकेश नायक को सुनसान स्थान पर ले जाकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से कमर के नीचे वार कर दिया, जिससे मुकेश घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 181/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।

पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान होने के बाद आरोपी जितेन्द्र टण्डन को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर रामभाठा स्थित प्यासा मैदान की झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

फिलहाल इस मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें जुटी हुई हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की