Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking कोरबा: राखड़ घोटाले की आहट: नेताम ट्रांसफर, शंकर इंजीनियरिंग पर जांच की...

कोरबा: राखड़ घोटाले की आहट: नेताम ट्रांसफर, शंकर इंजीनियरिंग पर जांच की मांग

11

The Duniyadari: KORBA- झाबू राखड़ डेम विवाद के बाद कार्रवाई, पीतांबर नेताम का तबादला,

झाबू राखड़ डेम से जुड़े फ्लाई ऐश प्रबंधन मामले में घिरे सीएसईबी के अधीक्षण अभियंता पीतांबर नेताम को आखिरकार कोरबा से हटाकर रायपुर भेज दिया गया है। यह वही मामला है जिसमें डेम क्षतिग्रस्त होने के बाद दर्री बांध में राखड़ मिला पानी छोड़े जाने की बात सामने आई थी, जिससे जल प्रदूषण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

घटना के बाद जिले में शिकायतों की बाढ़ आ गई थी। हालात को देखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई थी और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए थे।

प्रशासनिक स्तर पर अब पहली बड़ी कार्रवाई के रूप में नेताम का ट्रांसफर किया गया है। उनकी जगह सत्येंद्र साहू को नई जिम्मेदारी दी गई है।

हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह भी मांग उठ रही है कि सिर्फ अधिकारियों का तबादला काफी नहीं है। लोगों का कहना है कि इस प्रकरण में जुड़े ठेकेदार पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उसे ब्लैकलिस्ट करने के साथ-साथ जो भी आर्थिक दंड लगाया गया है, उसकी वसूली सीधे ठेकेदार से की जानी चाहिए।

कुछ लोगों ने शंकर इंजीनियरिंग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बीते कुछ वर्षों में राखड़ प्रबंधन के नाम पर बड़े स्तर पर गड़बड़ियां हुई हैं और इसमें विभाग के एक अधिकारी की मिलीभगत से शासन को नुकसान पहुंचाया गया है।

यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होती है, तो बड़े भ्रष्टाचार के सामने आने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन सालों में इस कार्य में भारी अनियमितताएं हुई हैं।

अब नजर इस बात पर है कि विभाग जांच को किस दिशा में आगे बढ़ाता है और क्या वाकई जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होती है। वहीं, कुछ लोग इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाने की तैयारी भी कर रहे हैं, जिससे आगे और खुलासे हो सकते हैं।