Wednesday, May 13, 2026
Home Breaking डैम के पास जंगल में युवती का अर्धनग्न शव मिला: पत्थर से...

डैम के पास जंगल में युवती का अर्धनग्न शव मिला: पत्थर से कुचला चेहरा, गले पर धारदार हथियार के निशान

10

The Duniyadari: Raigarh-  पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवती का शव अर्धनग्न हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। शव तुमीडीह डैम के पास जंगल में औंधे मुंह पड़ा मिला। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।

स्थानीय लोगों ने जंगल में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को युवती के कपड़े शव के पास बिखरे मिले। जांच में पता चला कि पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था। गले और गर्दन के पीछे धारदार हथियार से हमले के निशान भी मिले हैं।

*20-22 साल की थी मृतका*

पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र 20 से 22 साल के बीच है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के बाद भी अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की सही वजह और घटना का खुलासा हो पाएगा।

फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।