The Duniyadari: Raipur- 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी दवा विक्रेता हड़ताल को देखते हुए छत्तीसगढ़ का खाद्य एवं औषधि प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आम लोगों, विशेषकर गंभीर मरीजों को दवाइयों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए राज्यभर में वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में विभिन्न केमिस्ट संगठनों ने राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जीवनरक्षक दवाइयों, इमरजेंसी मेडिकल प्रोडक्ट्स और जरूरी चिकित्सा सामग्री की सप्लाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, सरकारी अस्पताल, नर्सिंग होम और अन्य वैकल्पिक दवा वितरण केंद्रों को सक्रिय रखा जाएगा।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और अस्पतालों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। स्वास्थ्य विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।















