Monday, May 18, 2026
Home Breaking नई तकनीक से लैस होगा छत्तीसगढ़ का डायल 112 सिस्टम, अमित शाह...

नई तकनीक से लैस होगा छत्तीसगढ़ का डायल 112 सिस्टम, अमित शाह करेंगे ईआरएसएस 2.0 का शुभारंभ

9

The Duniyadari: Raipur–  छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को हाईटेक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah आज राजधानी रायपुर में नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 400 नए डायल 112 वाहनों और मोबाइल फोरेंसिक साइंस लैब को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।

नई व्यवस्था के जरिए प्रदेश में पुलिस, चिकित्सा और आपदा सहायता सेवाओं को पहले से अधिक तेज और तकनीक आधारित बनाया जाएगा। सिस्टम में केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, जीपीएस ट्रैकिंग, जीआईएस आधारित लाइव मॉनिटरिंग, कॉलर लोकेशन की स्वतः पहचान और स्मार्ट डिस्पैच मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाना आसान होगा।

सरकार का दावा है कि नई तकनीक के उपयोग से महिला सुरक्षा, सड़क हादसों में त्वरित राहत, अपराध नियंत्रण और अन्य संकट की स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम कम होगा। अब तक डायल 112 सेवा सीमित जिलों में संचालित हो रही थी, लेकिन ERSS 2.0 लागू होने के बाद यह सुविधा प्रदेश के सभी 33 जिलों में उपलब्ध हो जाएगी।

प्रदेश सरकार के अनुसार, वर्ष 2018 से संचालित डायल 112 सेवा ने लाखों लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में मदद पहुंचाई है। अब इसके नए स्वरूप से नागरिकों को और अधिक भरोसेमंद एवं तेज सेवाएं मिलने की उम्मीद है।