Sunday, July 26, 2026
Home Breaking नौगई हत्याकांड पर डीजीपी का बड़ा बयान, बोले- जांच सही दिशा में,...

नौगई हत्याकांड पर डीजीपी का बड़ा बयान, बोले- जांच सही दिशा में, CBI जांच का प्रस्ताव भेजा गया

32

The Duniyadari: कोरिया- छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने कोरिया जिले के दौरे के दौरान बहुचर्चित नौगई हत्याकांड की जांच को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अब तक की पुलिस जांच संतोषजनक दिशा में आगे बढ़ रही है। साथ ही राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच कराने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है।

मीडिया से चर्चा के दौरान डीजीपी ने कहा कि यदि केंद्रीय जांच एजेंसी इस प्रकरण की जांच अपने हाथ में लेती है तो इससे पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच सुनिश्चित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थानीय पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम कर रही है।

अपने दौरे के उद्देश्य पर उन्होंने बताया कि जिले की कानून व्यवस्था, पुलिस संसाधनों और अधोसंरचना का जायजा लेने के लिए वे कोरिया पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए और जांच प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी एवं परिणाममुखी बनाया जाए। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को भी प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि जनता के सहयोग से कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिले में 70 युवाओं को पुलिस की विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया है। उनके अनुसार, इस पहल से समाज और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल विकसित होगा तथा जागरूकता बढ़ेगी।

दौरे के दौरान डीजीपी ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति, पुलिस बल की उपलब्धता, अधोसंरचना विकास और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।