The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना परिसर से पुलिस हिरासत में रखा गया एक आरोपी फरार हो गया। आरोपी को अवैध शराब के मामले में पकड़ा गया था। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने निगरानी में तैनात आरक्षक को निलंबित कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अमोरा गांव में अवैध शराब बिक्री के मामले में फनेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था। कार्रवाई के बाद उसे मुलमुला थाने लाकर पुलिस निगरानी में रखा गया था। आरोपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को दी गई थी।
बताया गया है कि 22 अगस्त की तड़के करीब 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच आरोपी थाना परिसर से निकलकर फरार हो गया। आरोपी के नजर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद थाने में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी गई।
फरार आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ ही परिचितों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि थाना परिसर में मौजूद होने के बावजूद आरोपी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर किस तरह बाहर निकलने में कामयाब हुआ।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और आरोपी के फरार होने की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



































