Saturday, May 9, 2026
Home Breaking प्रधान पाठक पर कार्रवाई: धर्मांतरण कराने और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप में...

प्रधान पाठक पर कार्रवाई: धर्मांतरण कराने और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप में हेडमास्टर निलंबित

12

The Duniyadari: जांजगीर– बलौदा की कन्या प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज को निलंबित कर दिया गया है। उन पर छात्र-छात्राओं का धर्मांतरण कराने और स्कूल फंड में वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप हैं। बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है। प्रधान पाठक को बीईओ कार्यालय बलौदा में अटैच किया गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान पाठक बच्चों को बहला-फुसलाकर ईसाई रीति-रिवाज से धर्मांतरण कराती थीं और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ भड़काती थीं। शिकायत के बाद थाना बलौदा में बीएनएस की धारा 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच में वित्तीय गड़बड़ियां भी सामने आईं। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन समिति और स्कूल विकास समिति की राशि में हेरफेर किया गया। फर्जी बिल-वाउचर लगाकर भुगतान किए गए और रिश्तेदारों के नाम पर पीपीओ जारी कर राशि निकाली गई। वर्ष 2021-22 से 2023-24 तक मिले अनुदान के उपयोग में भारी अनियमितता मिली।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था। प्रधान पाठक का जवाब असंतोषजनक पाया गया, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। मामले की विभागीय जांच जारी है।