The Duniyadari: आरंग- सड़क पर हेडफोन लगाकर बाइक चलाना एक युवक को जान देकर चुकाना पड़ा। चिखली गांव के पास शनिवार को 21 वर्षीय जगदीश कुमार तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हेडफोन पर बात करने से उसका ध्यान भटका और हादसा हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि मृतक जगदीश कुमार पिता मन्नू, बलौदाबाजार जिले के हरदी गांव का रहने वाला था। शनिवार को वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान हेडफोन लगाकर मोबाइल पर बात कर रहा था। चिखली के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जगदीश सड़क पर गिर गया। सिर में चोट लगने से उसने मौके पर दम तोड़ दिया। हेलमेट भी नहीं पहना था।
सूचना पर थाना प्रभारी हरीश साहू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरंग मर्चुरी भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि सड़क पर जरा सी लापरवाही पूरे परिवार पर भारी पड़ सकती है। वाहन चलाते समय मोबाइल या हेडफोन का इस्तेमाल न करें। हेडफोन से दूसरी गाड़ियों के हॉर्न सुनाई नहीं देते और मोबाइल पर बात करने से ध्यान बंट जाता है। आपात स्थिति में रिएक्शन टाइम कम हो जाता है। साथ ही हमेशा हेलमेट पहनें। इस हादसे में सिर पर चोट ही मौत का कारण बनी। हेलमेट होता तो शायद जान बच जाती।















