Tuesday, August 18, 2026
Home बस्तर बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन में शामिल हुए अमित शाह, रायपुर बैठक...

बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन में शामिल हुए अमित शाह, रायपुर बैठक में नक्सल ऑपरेशन की हुई समीक्षा

73

The Duniyadari : जगदलपुर।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन समारोह में शामिल होने जगदलपुर पहुंचे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने रायपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सुरक्षा तंत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, विशेष रूप से नक्सल विरोधी अभियानों और एसआईआर से संबंधित पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

पिछले एक महीने के भीतर यह अमित शाह का तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस में भी प्रदेश आए थे। हर दौरे के दौरान गृह मंत्री नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे अभियानों की प्रगति पर नजर रख रहे हैं और शीर्ष अधिकारियों से सीधे फील्ड इनपुट ले रहे हैं, ताकि रणनीति को और प्रभावी बनाया जा सके।

बस्तर ओलंपिक के संभाग स्तरीय आयोजन में खेलों के प्रति युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में लगभग 3500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव—इन सात जिलों से खिलाड़ी प्रतियोगिता में पहुंचे।

खास बात यह रही कि खेलों में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों की भी सक्रिय भागीदारी रही। करीब 761 ऐसे प्रतिभागियों ने “नुआ बाट” नाम की टीम के तहत मुकाबलों में हिस्सा लिया। बीते वर्ष यह संख्या लगभग 300 थी, जो इस बार दोगुने से भी अधिक हो गई है। यह आयोजन बस्तर में बदलते माहौल और मुख्यधारा से जुड़ते युवाओं का मजबूत संकेत माना जा रहा है।