Monday, May 25, 2026
Home बिलासपुर बिलासपुर: CM की तस्वीर से अभद्रता पर बवाल, BJYM का सिविल लाइन...

बिलासपुर: CM की तस्वीर से अभद्रता पर बवाल, BJYM का सिविल लाइन थाने का घेराव – कांग्रेस नेताओं पर FIR दर्ज

67

The Duniyadari : बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर के साथ अभद्रता की घटना ने बिलासपुर की सियासत को गर्म कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अमर अग्रवाल के निवास से विरोध रैली निकालकर सिविल लाइन थाने का घेराव किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

युवा मोर्चा प्रतिनिधियों ने सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि मामले में त्वरित और सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भाजपा ने कहा कि मुख्यमंत्री की गरिमा के विरुद्ध किया गया ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है।

दबाव के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडेय सहित कई नेताओं पर धारा 190, 191(2), 126(2) और 352 के तहत एफआईआर की गई है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण संवेदनशील है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले कांग्रेस की विशाल रैली शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर नेहरू चौक से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली गई थी। बिजली बिल, सड़क व्यवस्था, धान खरीदी और रजिस्ट्री से संबंधित मुद्दों पर किए गए इस प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली थी।