बीजापुर में मुठभेड़: इंद्रावती के जंगलों में दो वर्दीधारी नक्सली ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद

6

The Duniyadari: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल की है। जांगला थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी नक्सली मारे गए। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त बलों की टीम को इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था।

सूचना मिलते ही चला अभियान, आमने-सामने हुई गोलीबारी

पुलिस के मुताबिक, जांगला थाना क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की सक्रियता की खबर मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान छिपे नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए दो नक्सलियों को मार गिराया।

हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त

मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी ली गई। घटनास्थल से एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर बंदूक समेत विस्फोटक सामग्री और अन्य उपयोगी सामान बरामद किया गया है। बरामद हथियारों और सामग्री को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।

फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।