The Duniyadari: रायपुर में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच बुधवार को अवंती विहार स्थित शिव मंदिर के पास बिजली के खंभे में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बिजली कनेक्शन वाले खंभे में अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद देखते ही देखते आग फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग की वजह से बिजली के तार और केबल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं, खंभे के ऊपर बने चिड़ियों के घोंसलों को भी आग लगने का एक कारण माना जा रहा है। गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मरों और खंभों पर दबाव भी अधिक हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में वोल्टेज की समस्या और बिजली कटौती की स्थिति बनी हुई थी। गर्मी बढ़ने के साथ ऐसी घटनाएं बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में बिजली प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने पुराने और ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों की जांच कर नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी की है।













