The Duniyadari: कोरबा। शहर की सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन की पहल रंग लाई है। मंत्री के प्रयासों से कोरबा शहर के प्रमुख मार्गों और वार्डों की आंतरिक सड़कों के डामरीकरण एवं मरम्मत कार्यों के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से 17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने शहर की जर्जर सड़कों की स्थिति को देखते हुए प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए थे। उनके प्रस्ताव पर प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों की 14 सड़कों के लिए राशि स्वीकृत की है। इन कार्यों से शहर के कई प्रमुख मार्गों के साथ वार्डों की आंतरिक सड़कों को भी नया स्वरूप मिलेगा।
इन प्रमुख सड़कों पर होगा काम
स्वीकृत कार्यों में सोनालिया ब्रिज से तुलसी नगर बायपास, शारदा विहार फाटक से टीपी नगर फाटक, डीडीएम रोड से लालूराम कॉलोनी होते हुए बस स्टैंड, पोड़ीबहार चर्च से लकी बिग बॉस्केट मोड़, कलेक्ट्रेट एटीएम से बैगिनडभार आंगनबाड़ी, लालघाट बालको से रिश्दा चौक, रिश्दा चौक से गायत्री मंदिर मुख्य मार्ग और सरदार पटेल नगर के आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं।
इसके अलावा प्रेम नगर मुख्य मार्ग से कपटमुड़ा-डीपरा बस्ती तक सड़क मरम्मत तथा इमलीडुग्गू बस्ती से खदान रोड तक सीसी रोड डिवाइडर निर्माण का कार्य भी स्वीकृत किया गया है।
6 प्रमुख मार्गों के लिए 7.12 करोड़ का टेंडर पूरा
लखन लाल देवांगन के प्रयासों से शहर के छह प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए 7.12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इनमें सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड फाटक-अंडरब्रिज, पावर हाउस रोड फाटक से पुराने बस स्टैंड अंडरब्रिज, जैन चौक से घंटाघर चौक और घंटाघर चौक से कोसाबाड़ी चौक सहित अन्य मार्ग शामिल हैं।
वार्ड क्रमांक 66 के सुराकछार क्षेत्र और वार्ड क्रमांक 31 के विभिन्न मार्गों पर भी डामरीकरण कार्य कराया जाएगा।
बारिश के बाद शुरू होगा सड़क निर्माण
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा शहर को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रमुख मार्गों के साथ वार्डों की आंतरिक सड़कों के विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है। स्वीकृत कार्यों को मानसून समाप्त होने के बाद चरणबद्ध तरीके से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर की अन्य सड़कों के लिए भी आवश्यक राशि स्वीकृत कराने का प्रयास जारी रहेगा।



































