Tuesday, May 26, 2026
Home छत्तीसगढ़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस, रेडी-टू-ईट का काम सौंपेगी सरकार –...

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस, रेडी-टू-ईट का काम सौंपेगी सरकार – CM विष्णुदेव साय

130

The Duniyadari : रायपुर। राजधानी में आयोजित पॉलिसी वॉच इंडिया फाउंडेशन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्वसहायता समूहों की बहनों को रेडी-टू-ईट का काम सौंपा जाएगा।

सीएम ने बताया कि महिला समूहों के उत्पादों को अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स माध्यम से महिलाएं आसानी से अपने बनाए सामान को बेच सकेंगी।

अपने संबोधन में साय ने कहा – “भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि देश की 3 करोड़ बहनों को लखपति बनाया जाए। अब तक करीब 2 करोड़ महिलाएं इसका लाभ ले चुकी हैं।”

सीएम ने जशपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले महुआ का उपयोग केवल शराब बनाने में होता था, लेकिन अब इससे लड्डू, अचार और यहां तक कि सैनिटाइज़र भी तैयार किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने “महतारी वंदन” योजना का भी जिक्र किया और महिलाओं से सीधे सवाल किया कि क्या योजना का पैसा उनके खाते में समय पर पहुंच रहा है। महिलाओं ने एक स्वर में जवाब दिया कि योजना से उन्हें वास्तविक लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और आत्मनिर्भरता की दिशा में नए अवसरों के प्रति उत्साह दिखाया।