Friday, June 26, 2026
Home Breaking मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, युवक की...

मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, युवक की मौत, 7 घायल

7
Oplus_16908288

The Duniyadari: एटा (उत्तर प्रदेश)- मोहर्रम के मौके पर शुक्रवार सुबह एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस में शामिल ताजिया 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक युवक, शेख, को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जुलूस के दौरान बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि यदि एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो इस हादसे से बचा जा सकता था।

परिजनों के मुताबिक, करीब 21 फीट ऊंचा ताजिया कंधों पर लेकर निकाला जा रहा था। जुलूस के दौरान कई बार श्रद्धालु ताजिया को और ऊंचा उठा लेते हैं। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और करंट फैलने से यह हादसा हो गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।