Friday, June 26, 2026
Home Breaking भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक...

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी गंभीर

3

The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र स्थित बड़े आरापुर में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बड़े आरापुर निवासी जयसिंह कच्छ अपने एक दोस्त के साथ बाइक से राजुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयसिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेकाज अस्पताल भेज दिया और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि जयसिंह अपने परिवार में सबसे बड़ा बेटा था और घर की कई जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।