Friday, April 24, 2026
Home Breaking वेदांता प्लांट हादसे पर सियासत तेज, सांसद ने केंद्र से मांगी उच्च...

वेदांता प्लांट हादसे पर सियासत तेज, सांसद ने केंद्र से मांगी उच्च स्तरीय जांच

19

The Duniyadari: सक्ति जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर अब राजनीतिक स्तर पर भी दबाव बढ़ने लगा है। मामले की धीमी जांच पर असंतोष जताते हुए क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने तीन केंद्रीय मंत्रियों को पत्र लिखकर घटना की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की अपील की है।

सांसद ने अपने पत्र में 14 अप्रैल को हुए बॉयलर विस्फोट का जिक्र करते हुए बताया कि इस हादसे में 24 मजदूरों की जान गई, जबकि 11 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज जारी है। कई मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कुछ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

कमलेश जांगड़े ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री, ऊर्जा मंत्री और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि यह घटना औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए।

सांसद ने यह भी कहा कि सिर्फ इस एक मामले तक सीमित न रहकर जिले के अन्य उद्योगों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया है।