Friday, April 24, 2026
Home Breaking पंचायत में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, सचिव निलंबित

पंचायत में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, सचिव निलंबित

15

The Duniyadari: कोरिया जिले में पंचायत स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत केशगवां में करीब तीन लाख रुपये की राशि के संदिग्ध निकासी और गबन के मामले में पंचायत सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच टीम ने मामले की जांच की। जांच के दौरान सचिव न तो उपस्थित हुए और न ही जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत कर सके।

पड़ताल में यह भी सामने आया कि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर सरपंच के प्रोफाइल में सचिव का मोबाइल नंबर दर्ज था, जिससे प्रथम दृष्टया यह संकेत मिला कि डिजिटल हस्ताक्षर (डीएससी) का अनुचित उपयोग कर राशि निकाली गई।

इस कृत्य को पंचायत सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। नियमानुसार सचिव को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय जनपद पंचायत सोनहत निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

साथ ही, मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच के लिए उपसंचालक (पंचायत) को जांच अधिकारी और जनपद पंचायत सोनहत के सीईओ को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी बनाया गया है।

पंचायत कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए अस्थायी व्यवस्था भी की गई है। ग्राम पंचायत केशगवां का अतिरिक्त प्रभार मधला पंचायत के सचिव शिवनारायण साहू को और बसवाही पंचायत का प्रभार तंजरा पंचायत के सचिव रामप्रकाश साहू को सौंपा गया है।

प्रशासन ने साफ किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई तय है।