Friday, April 17, 2026
Home Breaking सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान : चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,...

सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान : चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 60 हजार नकद व मंगलसूत्र बरामद

10

The Duniyadari: कोरबा- जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी स्तर पर अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में प्रार्थिया सुनीता डोंगरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च 2026 को उन्होंने अपने घर की अलमारी में सोने के जेवरात रखे थे, जिन्हें 28 मार्च 2026 को देखने पर गायब पाया गया। चोरी हुए जेवरात में नेकलेस, मंगलसूत्र, झुमके और अंगूठी शामिल थे, जिनकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई।

मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने ऋषिकेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए जेवरात उसने अपने साथी रामहरी गिड्डे के माध्यम से एक सुनार को बेच दिए, जहां जेवरात गलाकर नकद रकम प्राप्त की गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद और लगभग 8.2 ग्राम वजन का एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। शेष रकम आरोपियों द्वारा खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है। मामले में शामिल फरार सुनार की तलाश जारी है।

आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर 16 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में कीमती सामान सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके।

कोरबा पुलिस — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा