The Duniyadari: कोरबा- शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। मामूली विवाद का बदला लेने के लिए एक युवक ने मजदूर पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी लगातार वार करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 38 वर्षीय भरत साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी 40 वर्षीय राजेश महाराज मजदूरी का काम करता है। दोनों अक्सर ओवरब्रिज के नीचे मजदूरी मिलने का इंतजार करते थे और नशे के आदी बताए जाते हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह भरत नशे की हालत में कपड़े उतारकर इलाके में घूम रहा था। इस पर राजेश ने उसे ऐसा करने से रोका और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि राजेश ने भरत की पिटाई कर दी। इस अपमान से भरत बुरी तरह नाराज था।
दोपहर में जब राजेश ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर नशे की हालत में सो रहा था, तभी भरत वहां पहुंचा। कुछ देर उसके पास बैठने के बाद उसने पास में पड़ी लकड़ी उठाई और राजेश के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने करीब 30 से 35 बार हमला किया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकला।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।















