Friday, May 8, 2026
Home Breaking स्कॉर्पियो-कार की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत; कई घायल

स्कॉर्पियो-कार की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत; कई घायल

9

The Duniyadari: सक्ती– जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। नंदेली गांव के बस स्टैंड के पास जैजैपुर-बाराद्वार मार्ग पर स्कॉर्पियो और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आमाकोनी ग्राम पंचायत के सरपंच ओमकार चंद्रा समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक कार जैजैपुर से बाराद्वार की ओर जा रही थी, जबकि स्कॉर्पियो बाराद्वार से जैजैपुर की तरफ आ रही थी। नंदेली बस स्टैंड के पास दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे में कार सवार पुनिराम टंडन की मौके पर मौत हो गई। आमाकोनी सरपंच ओमकार चंद्रा और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में भी तीन से चार लोग सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं। देर रात तक उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। सूचना मिलते ही जैजैपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के असल कारण सामने आएंगे।