The Duniyadari: कोरबा- जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढपढप में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दिव्य हनुमंत कथा के दौरान चेन स्नेचिंग की एक और घटना सामने आई है। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब डेढ़ तोले का मंगलसूत्र पार कर दिया। चोरी हुए मंगलसूत्र की कीमत लगभग पांच लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कथा स्थल पर पिछले दो दिनों में यह तीसरी चेन स्नेचिंग की वारदात है। अब तक करीब छह लोग चेन स्नेचिंग का शिकार हो चुके हैं, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया है। इससे पहले कथा प्रारंभ होने से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा के दौरान भी चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई थी।
बताया जा रहा है कि कथा शुरू होने से एक दिन पहले शुक्रवार को निकाली गई कलश यात्रा में 21 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान भी भीड़ में सक्रिय चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। लगातार हो रही घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए करीब 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस अब इन कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कार्यक्रम में भारी सोने-चांदी के आभूषण पहनकर न आएं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है।















