The Duniyadari : बलौदाबाजार- शासकीय दाऊ कल्याण सिंह महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के एमएससी चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने हर्बल हैंड सैनिटाइजर तैयार कर नवाचार की सराहनीय पहल की है। विद्यार्थियों द्वारा विकसित इस सैनिटाइजर में नीम, तुलसी, एलोवेरा और नींबू जैसे प्राकृतिक तत्वों का उपयोग किया गया है, जो त्वचा के लिए सुरक्षित होने के साथ-साथ जीवाणुरोधी गुणों से भरपूर हैं।
विद्यार्थियों ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बाजार में उपलब्ध रासायनिक सैनिटाइजर के विकल्प के रूप में कम लागत वाला, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद तैयार करना है। प्रयोगशाला परीक्षणों के दौरान यह पाया गया कि तैयार किया गया हर्बल सैनिटाइजर हाथों की सफाई में प्रभावी है और बार-बार उपयोग करने पर भी त्वचा को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाता।
यह नवाचार डॉ. ज्योति दीवान के निर्देशन तथा विभागाध्यक्ष गणेश राम कुर्रे के साथ सहायक प्राध्यापक डॉ. आकांक्षा एक्का और रुपेश देवांगन के मार्गदर्शन में तैयार किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. उपाध्याय ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयोगात्मक कार्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ाते हैं और उन्हें शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस परियोजना में एमएससी रसायन के छात्र-छात्राओं मधु, शालिनी, शोभना, तेजस्वी, तेजस्विनी, पूजा, प्रीति वर्मा, निधि, नेहा, तरूण, धनेश्वर, शांति, सुमनलता, सोनम, जागृति, चंद्रानी, दीप्ति, निकिता, देवेश, विनिका और तैय्यब सहित सभी विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने प्राचार्य को अपने हर्बल सैनिटाइजर की पूरी जानकारी देते हुए भविष्य में भी नए उत्पाद विकसित करने का भरोसा दिलाया।













