Monday, May 25, 2026
Home Breaking हिंसा मामले में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसआई पर पक्षपात के आरोप

हिंसा मामले में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसआई पर पक्षपात के आरोप

10

The Duniyadari: गरियाबंद जिले के दूतकैया (खपरी) गांव में फरवरी में हुई हिंसक घटना को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। रविवार को सर्व हिंदू समाज और ग्राम विकास समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण राजिम पहुंचे, जहां पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने निष्पक्षता बरतने के बजाय ग्रामीणों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की। ज्ञापन में कहा गया कि गांव के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनके हाथों में लाठी-डंडे और हथियार थमाकर तस्वीरें खिंचवाई गईं, ताकि उन्हें हिंसा में शामिल दिखाया जा सके। ग्रामीणों ने इसे साजिशपूर्ण कार्रवाई बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

धरना दे रहे लोगों का यह भी कहना था कि जांच के दौरान कई लोगों से बिना जानकारी दिए कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। आरोप है कि बाद में इन्हीं दस्तावेजों का उपयोग केस डायरी और बयान के रूप में किया गया। ग्रामीणों ने दावा किया कि घटना में बाहरी लोगों की भूमिका होने के बावजूद स्थानीय लोगों को ही आरोपी बनाया जा रहा है।

ज्ञापन में कुछ नामजद व्यक्तियों पर अवैध कब्जा, धमकी और क्षेत्र में तनाव फैलाने के आरोपों का भी उल्लेख किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस उन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। सर्व हिंदू समाज ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा दिए गए साक्ष्यों और शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।

प्रदर्शन के दौरान एसआई जीवन साहू को तत्काल हटाने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।