The Duniyadari: गरियाबंद- जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में बीते 15 दिनों के भीतर तीन युवाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने प्रशासन को चिंतित कर दिया है।
युवाओं को निराशा से बाहर निकालने और उन्हें सही दिशा देने के उद्देश्य से प्रभारी एसपी नीरज चंद्राकर ने देवभोग थाना परिसर में करियर गाइडेंस कैंप का आयोजन किया। इस पहल में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से 100 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
कैंप के दौरान प्रभारी एसपी नीरज चंद्राकर ने युवाओं को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और कठिन परिस्थितियों का साहस के साथ सामना करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि इंटरमीडिएट में उन्हें मात्र 44 प्रतिशत अंक मिले थे, जिससे समाज और परिवार के कई लोगों ने उन्हें असफल माना। इसके बावजूद उन्होंने अपनी रुचियों पर ध्यान दिया, लक्ष्य निर्धारित किया और संघर्ष करते हुए पहली ही कोशिश में यूपीएससी परीक्षा पास कर सफलता हासिल की। बाद में उन्होंने बताया कि यह कहानी उनकी खुद की है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता का असली पैमाना संपत्ति नहीं बल्कि संतुष्टि है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए मोबाइल और नशे जैसी आदतों से दूरी बनाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि किसी भी परेशानी की स्थिति में गलत कदम उठाने के बजाय परिवार से संवाद करें और समाधान खोजें।
प्रभारी एसपी ने करियर में सफलता के लिए ग्रुप स्टडी, नियमित चर्चा, संतुलित आहार, सही मार्गदर्शन और अच्छे स्वास्थ्य को जरूरी बताया। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ मेहनत करने और अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने की प्रेरणा दी।















