Sunday, March 15, 2026
Home छत्तीसगढ़ @ 44 degree Celsius, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में लू के हालात,...

@ 44 degree Celsius, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में लू के हालात, सबसे ज्यादा गर्म रहा रायगढ़

295

रायपुर। (CG weather update)अप्रैल माह में छत्तीसगढ़ में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में लू के हालात बन गए हैं। मंगलवार को रायगढ़ में सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.9 और रायपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह पिछले के मुकाबले तीन से चार डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभागों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया है। सोमवार की तुलना में यह अधिक गर्म हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, दुर्ग में 42.2 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में 42 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है।

मौसम विभाग की अनुमान है कि 20 अप्रैल को सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग के उत्तरी हिस्से यानी राजनांदगांव, दुर्ग, कबीरधाम और बेमेतरा में लू चल सकती है। 20 अप्रैल को इन चार संभागों में बड़ा परिवर्तन की संभावना नहीं है।

बस्तर संभाग में अंधड़ के साथ बूंदाबादी

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात दर्ज हुई है। बस्तानार में 4 और गीदम में एक मिलीमीटर बरसात मापी गई है। कुछ अन्य स्थानों पर भी बरसात दर्ज हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार रात 9.30 बजे तक कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बस्तर और उससे लगे जिलों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की संभावना जताई है।

मंगलवार को जगदलपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से केवल एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि हवा ठंडी होने की वजह से इसका प्रभाव कम दिखा। बीजापुर में 40.6, दंतेवाड़ा में 41, नारायणपुर में 39.7 और कांकेर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।