The Duniyadari: Bilaspur- अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
मेरठ निवासी कुख्यात चोर ताज मोहम्मद अपने साथी के साथ बाइक से 900 किमी का सफर तय कर बिलासपुर पहुंचा।
यहां बंद फ्लैटों को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात चोरी किए और सोना गलाकर वापस मेरठ लौट गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी के मुताबिक, मार्च और अप्रैल महीने में सकरी, मंगला और तोरवा क्षेत्र की पॉश कॉलोनियों में फ्लैटों के ताले टूटने की 5 शिकायतें मिली थीं।
CCTV फुटेज में दो संदिग्ध बाइक सवार नजर आए। जांच में पता चला कि आरोपी दिन में रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से मेरठ में दबिश देकर मुख्य आरोपी ताज मोहम्मद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के बाद बिलासपुर में ही एक परिचित सुनार के यहां सोना गलाकर बिस्किट बनवा लिया था, ताकि पकड़ में न आए। पुलिस ने उसके पास से 120 ग्राम सोना, 1.8 लाख कैश और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
आरोपी ताज बेहद शातिर है। यूपी, दिल्ली, राजस्थान, एमपी और छत्तीसगढ़ में उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और लूट के 47 केस दर्ज हैं।
वह हर बार बाइक से ही दूसरे राज्यों में जाकर वारदात करता था ताकि टोल और ट्रेन की जांच से बच सके। उसका साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
ASP ने बताया कि गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं। बिलासपुर में सुनार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय के लिए घर छोड़ने से पहले थाने में सूचना जरूर दें और पड़ोसियों को बताकर जाएं।















