दिल्ली में BJP ने पार किया बहुमत का आंकड़ा, हेडक्वार्टर पहुंचे नड्डा-शाह…

0
13

The Duniyadari: नई दिल्ली– दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आज मतगणना का दिन है और सुबह आठ बजे से हो रही गणना से साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली में जीत का चौका लगाने से रोक दिया है। अब तक के रुझान बता रहे हैं कि भाजपा 27 साल बाद राजधानी की सत्ता में वापसी कर रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए हैं। उनसे पहले जेपी नड्डा भी पार्टी के मुख्यालय पहुंचे थे। थोड़ी देर में पीएम मोदी भी बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचेंगे, यहां पीएम मोदी का संबोधन होगा। दिल्ली में जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश हाई है।

आपको बतादें कि 27 साल पहले भाजपा की सुषमा स्वराज 52 दिन के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रही थीं। अब भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने जा रही है। पार्टी ने 36 सीटों का बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। भाजपा ने 37 सीटें जीती हैं और 11 सीटों पर आगे चल रही है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह पीएम मोदी के नेतृत्व, विकास और भरोसे की जीत है। दिल्ली की जनता ने पीएम मोदी के विकास के विजन पर भरोसा जताया है, हम हमेशा जल बोर्ड, शीशमहल, शराब घोटाले, गंदे पानी के भ्रष्टाचार की बात करते थे, लेकिन उन्होंने (AAP) कभी हमें जवाब नहीं दिया। अरविंद केजरीवाल हमेशा इन मुद्दों से भागते रहे…लोगों ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि हमें अपने प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा पर गर्व है और हम पार्टी के हर कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करते हैं। जनता ने पीएम मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है, अरविंद केजरीवाल कभी सत्ता में नहीं लौटेंगे।