Friday, April 17, 2026
Home Breaking किन्नरों ने पुलिसवालों पर बेरहमी से पिटाई करने का लगाया आरोप…

किन्नरों ने पुलिसवालों पर बेरहमी से पिटाई करने का लगाया आरोप…

186

The Duniyadari: बिलासपुर- किन्नरों ने पुलिसवालों पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है। किन्नर समुदाय के लोगों ने सोमवार को एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि भीख मांगने वाली किन्नरों को भगाया गया, जिसके बाद दौड़ा-दौड़ाकर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे दो किन्नर को चोंटे आई है।

मामला हिर्री थाना क्षेत्र का है। किन्नर राजा खान ने बताया कि वह पेंड्रा-गौरेला, लोरमी-खाम्ही क्षेत्र में भीख मांगती हैं। वो किन्नरों की नायक है। किन्नरों की संख्या बढ़ने पर उनका अलग-अलग इलाका बंट गया है। इसमें एक ग्रुप हिर्री क्षेत्र में टोल नाका और आसपास भीख मांगती हैं। उनकी नायक सरोजनी है।

उन्होंने बताया कि रज्जो और रूबी किन्नर पिछले 10 साल से भोजपुरी टोल प्लाजा पर रुपए मांगकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। 23 मई की रात करीब 9 बजे दोनों भोजपुरी टोल नाका पर रुपए मांग रहे थे। तभी पेट्रोलिंग वाहन में सवार आरक्षक वहां पहुंचे। वे किन्नरों से बदसलूकी करने लगे।

मना करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी से मारपीट की। इससे दोनों को गंभीर चोट आई है। किन्नर समुदाय के लोगों ने पुलिस वालों पर दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की है। उनकी गैरमौजूदगी में उन्होंने डीएसपी रोशन आहुजा को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई करने की मांग की है।