Sunday, August 30, 2026
Home छत्तीसगढ़ पति पर जानलेवा हमले की साजिश रचने वाली पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार

पति पर जानलेवा हमले की साजिश रचने वाली पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार

201

The Duniyadari : बलौदाबाजार सिमगा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर जानलेवा हमला करवाया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी फिलहाल फरार है।

जानकारी के अनुसार भवानी नगर सिमगा निवासी 36 वर्षीय उमाशंकर कुंभकार की शादी करीब 9 माह पहले निशा कुंभकार से हुई थी। शादी से पहले ही निशा का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध था। विवाह के बाद पति की मौजूदगी के कारण प्रेमी से मिलने में आ रही दिक्कतों से परेशान होकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार 25 अक्टूबर की शाम निशा ने अपने प्रेमी को सिमगा बुलाया और पति को झांसे में लेकर बेमेतरा पुराने पुल के पास भेज दिया। वहां पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी ने धारदार हथियार से उमाशंकर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

घायल उमाशंकर की शिकायत पर सिमगा थाने में अपराध क्रमांक 596/2025 धारा 109, 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपिया निशा कुंभकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में निशा ने पति की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।

26 अक्टूबर को पुलिस ने निशा कुंभकार (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, वहीं फरार प्रेमी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।