Tuesday, September 29, 2026
Home छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की 61 करोड़ की संपत्ति...

शराब घोटाला: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की 61 करोड़ की संपत्ति कुर्क, ईडी की बड़ी कार्रवाई”

205

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की करीब 61.20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 276.20 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क हो चुकी हैं।

ईडी की रायपुर शाखा ने 10 नवंबर को चैतन्य बघेल की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त किया। इसमें 59.96 करोड़ रुपये मूल्य की 364 अचल संपत्तियां (आवासीय और कृषि भूमि) तथा 1.24 करोड़ रुपये की बैंक जमा और फिक्स्ड डिपॉजिट शामिल हैं।

ईडी की जांच के अनुसार, छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में अवैध तरीके से अर्जित धन से राज्य को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचा है। यह घोटाला लगभग 2,500 करोड़ रुपये की अवैध आमदनी (POC) से जुड़ा बताया जा रहा है।

जांच में सामने आया है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध रूप से अर्जित धन का लेखा-जोखा संभालने की जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी। ईडी का दावा है कि उन्होंने इस धन का उपयोग अपने रियल एस्टेट कारोबार “बघेल डेवलपर्स” के तहत “विट्ठल ग्रीन” परियोजना के विकास में किया, ताकि इसे वैध संपत्ति के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

ईडी ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई को गिरफ्तार किया था और वे इस समय न्यायिक हिरासत में हैं। इससे पहले भी इस घोटाले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, अनवर ढेबर, आईटीएस अरुण पति त्रिपाठी और तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा को गिरफ्तार किया जा चुका है।