Wednesday, March 18, 2026
Home कोरबा कोरबा में हाथियों का कहर जारी, तीसरे दिन भी ग्रामीण की कुचलकर...

कोरबा में हाथियों का कहर जारी, तीसरे दिन भी ग्रामीण की कुचलकर हत्या

51

The Duniyadari : बालको रेंज में घर में सो रहे युवक को हाथी ने कुचला, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

कोरबा। कोरबा वन मंडल में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तीसरे दिन हाथी के हमले में एक और ग्रामीण की जान चली गई। यह ताजा घटना बालको वन परिक्षेत्र के अजगर बहार ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम गौर बोरा की है, जहां बीती रात महेन्द्र सिंह माँझवार अपने घर में सो रहे थे। तभी अचानक घर में घुसे हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों की आवाजाही की सूचना पहले भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

इससे पहले ग्राम चेतमा और ग्राम बिंझरा में भी हाथियों के हमले में दो महिलाओं की जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन मौतों से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग का सूचना तंत्र पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। न तो समय पर अलर्ट मिल रहा है और न ही हाथियों को आबादी से दूर रखने के प्रभावी इंतजाम किए जा रहे हैं। लोगों ने रात में गश्त, हाथी मूवमेंट की रियल-टाइम सूचना और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने की मांग की है।

लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाकर ग्रामीणों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।