कोरबा में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या, इलाके में दहशत, तीन आरोपी गिरफ्तार

30

The Duniyadari : कोरबा: कोरबा जिले में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। कारखाना मोहल्ला निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। यह घटना उस वक्त हुई जब वे ग्राम केशलपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क का निरीक्षण कर रहे थे।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच काले रंग की कार से आए तीन अज्ञात लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी में लिया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वारदात के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिजन और समर्थक जुट गए, जहां शोक के साथ भारी आक्रोश का माहौल देखा गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 7 से 8 घंटे के भीतर इस हत्याकांड में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी व्यावसायिक और राजनीतिक रंजिश मुख्य कारण हो सकती है। पुलिस आरोपियों की पहचान, आपसी संबंध और साजिश के पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

घटना के बाद कटघोरा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस हत्या से राजनीतिक गलियारों में भी चिंता और तनाव का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है और अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। अक्षय गर्ग की हत्या ने जिले की राजनीति और सामाजिक माहौल पर गहरा असर छोड़ा है।