The Duniyadari : कोरबा। उन्नाव रेप केस 2017 से जुड़े ताजा घटनाक्रम के विरोध में राष्ट्रीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर देशभर में जिला स्तर पर प्रदर्शन किए गए। इसी क्रम में कोरबा जिले में जिला महिला कांग्रेस द्वारा ओपन थियेटर, घंटाघर के पास जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी ने किया।

इस अवसर पर उपस्थित पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि आठ वर्ष बाद इस प्रकरण में सामने आए नए तथ्यों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोप बेहद चिंताजनक हैं, जिनमें जांच अधिकारी पर दुर्भावनापूर्ण और पक्षपातपूर्ण जांच करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में जानबूझकर कमजोरियां रखी गईं, तो यह न्याय व्यवस्था पर गहरा प्रश्नचिह्न है।

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि पीड़िता के आरोपों से यह स्पष्ट होता है कि तत्कालीन भाजपा विधायक के प्रभाव में आकर जांच को कमजोर किया गया, जिससे आरोपियों को लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि पीड़िता और उसका परिवार वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, जबकि अब भी उसे विभिन्न स्तरों से धमकियां मिलने की बात सामने आ रही है। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही पीड़िताओं के अधिकारों और न्याय की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान “नारी के सम्मान में कांग्रेस मैदान में” और “अत्याचारियों को फांसी दो” जैसे नारे लगाए गए।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, प्रदेश सचिव विकास सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष पुनः जांच कर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
































