The Duniyadari : कोरबा। जिले से इस समय एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। डायल 112 में पदस्थ एक चालक पर अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि डायल 112 वाहन में तैनात चालक अपने चार साथियों के साथ एसईसीएल के एक आवास में पहुंचा था, जहां युवती को बुलाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले में डायल 112 के चालक की संलिप्तता सामने आते ही पुलिस विभाग में गंभीरता से संज्ञान लिया गया।
पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में शामिल पांच आरोपियों में से दो को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर फरार आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
































