धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण: कलेक्टर ने किसानों से की बात, बिचौलियों पर सख्ती के निर्देश

7

The Duniyadari : कोरबा, 16 जनवरी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी को पारदर्शी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कोरबा विकासखंड के बरपाली गांव स्थित धान उपार्जन केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर पहुंच रहे धान की गुणवत्ता और नमी की स्वयं जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। ग्राम डोंगरीभागठा के किसानों ने बताया कि तय प्रक्रिया के अनुसार बिना किसी परेशानी के धान की बिक्री हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संतोष जताया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि केवल वास्तविक और पात्र किसानों से ही धान खरीदा जाए। किसी भी तरह की दलाली या बिचौलियों की भूमिका को पूरी तरह समाप्त करने पर जोर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि धान की पलटी, ढेरी लगाने और नमी की जांच के बाद ही खरीदी की जाए तथा पुराने या मानक से कम धान को स्वीकार न किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों को धान बेचते समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी सतर्क रहकर कार्य करें। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।