कांकेर–नारायणपुर सीमा पर नक्सल साजिश नाकाम, 9 आईईडी बरामद कर निष्क्रिय

16

The Duniyadari : कांकेर। कांकेर–नारायणपुर सीमावर्ती इलाके में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को अहम सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने जंगल और नदी किनारे अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

सुरक्षा बलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान प्रेसर कुकर आईईडी, फटाका बम, इलेक्ट्रिक वायर और अन्य नक्सली सामग्री मिली। बरामद किए गए सभी 9 आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी बड़े नुकसान की आशंका टल गई।

जानकारी के मुताबिक, 23 जनवरी को मोदेमरका गांव के पास कोटरी नदी क्षेत्र में अभियान के दौरान तीन आईईडी मिले थे। इसके बाद कलपर गांव के जंगल में चलाए गए ऑपरेशन में और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई, जिनका वजन लगभग पांच किलो प्रति आईईडी बताया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से विस्फोटक लगाए गए थे। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी साजिश विफल हो गई। क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को देखते हुए सर्चिंग अभियान लगातार जारी है और सुरक्षाबल पूरी तरह सतर्क हैं।