The Duniyadari: कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोरबा प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन क्षेत्र में प्रस्तावित भारतीय जनता पार्टी के नए जिला कार्यालय “अटल स्मृति भवन” के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले शहर में सियासी माहौल गर्म रहा। युवा कांग्रेस ने किसानों की मौत के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
भूमिपूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अटल स्मृति भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बनेगा। सीएम साय ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि अटल स्मृति भवन का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों और राष्ट्रवादी विचारधारा को समर्पित होगा।
































