The Duniyadari: शराब घोटाले के मामले में आरोपी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आज जेल से रिहा किया जाएगा। उनकी रिहाई को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
इस पूरे घटनाक्रम पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भूपेश बघेल सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में शराब, डीएमएफ और कोयला से जुड़े कई बड़े घोटाले सामने आए, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते केवल कवासी लखमा को ही निशाना बनाया गया। शर्मा ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में उन्हें “बलि का बकरा” बनाया गया, जबकि अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई।
उप मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। वहीं, कवासी लखमा की रिहाई के बाद मामले में आगे की कानूनी और राजनीतिक दिशा पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
































