कांकेर में नक्सलियों से मुठभेड़, तीन ढेर; C-60 के जवान दीपक मडावी शहीद

10

The Duniyadari: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर इलाके में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा से लगे जंगल में हुई इस कार्रवाई में तीन नक्सली मारे गए, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है और क्षेत्र को अलर्ट पर रखा गया है।

सूत्रों के मुताबिक सीमावर्ती जंगलों में नक्सल गतिविधि की सूचना मिलने पर महाराष्ट्र पुलिस की C-60 यूनिट और अन्य बलों की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन शुरू किया था। सर्च के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई। काफी देर चली कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया।

मुठभेड़ स्थल से एक एके-47, एक एसएलआर राइफल समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। अधिकारियों का मानना है कि नक्सली किसी बड़ी घटना की तैयारी में थे। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई में C-60 यूनिट के कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी शहादत से सुरक्षा बलों में शोक का माहौल है। वहीं, C-60 के ही कांस्टेबल जोगा मडावी भी घायल हुए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें रेफर किया जा रहा है।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अतिरिक्त जवान तैनात कर दिए हैं। आशंका है कि कुछ नक्सली भाग निकले हों, जिसे देखते हुए जंगलों में लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।