The Duniyadari: गरियाबंद, 7 फरवरी। जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पुलिस की ई-30 आर्म्स टीम ने मैनपुर थाना क्षेत्र की ओडिशा सीमा से सटी दुर्गम पहाड़ियों में छापेमारी कर नक्सलियों के एक गुप्त हथियार ठिकाने का खुलासा किया है। अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए आधुनिक हथियार, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बड़ी मात्रा में बीजीएल सेल जब्त किए गए हैं।

पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब डेढ़ दिन तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जवानों ने छह स्थानों से हथियारों का जखीरा बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार नक्सलियों ने इलाके में हथियार निर्माण और मरम्मत के लिए बाकायदा वर्कशॉप तैयार कर रखी थी, जिसे कार्रवाई के दौरान पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया गया।
सूत्रों का कहना है कि यह नेटवर्क शीर्ष माओवादी नेतृत्व की देखरेख में संचालित हो रहा था। यहां हथियारों की मरम्मत के साथ नए हथियार तैयार करने की व्यवस्था भी मौजूद थी।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का दावा है कि जनवरी 2025 से अब तक चलाए गए अभियानों में दर्जनों स्वचालित और अन्य घातक हथियारों के साथ सैकड़ों कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।
































