बिलासपुर जाने निकली महिला तीन बच्चों समेत लापता, परिवार ने दर्ज कराई शिकायत

8

The Duniyadari: बिलासपुर में एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ संदिग्ध हालात में गायब हो गई है। वह कबीरधाम जिले के पांडातराई इलाके से करीब एक हफ्ते पहले मायके जाने के लिए निकली थी, लेकिन तय जगह तक नहीं पहुंची। तब से परिवार वाले उसकी तलाश में जुटे हैं और पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।

पांडातराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 के रहने वाले 34 वर्षीय बिसेन कार्निक ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक और तीन बच्चों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, 2 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे पत्नी ने तबीयत खराब होने की बात कही और इलाज के लिए बच्चों को साथ लेकर बिलासपुर जाने की बात कहकर शारदा बस से रवाना हुई थी।

शाम करीब 6 बजे संपर्क करने की कोशिश की गई तो महिला के दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद मायके पक्ष से बात करने पर पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची है। परिवार ने देर रात तक रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन बस चालक से पूछताछ में पता चला कि महिला बच्चों के साथ महाराणा प्रताप चौक पर उतरी थी। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।