नशे पर पुलिस की सख्ती: 2.5 किलो से ज्यादा गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

6

The Duniyadari: रायपुर। शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक कार्रवाई में गांजा बेचने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। खमतराई इलाके में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से ढाई किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अवैध नशा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि खमतराई ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश ग्रहकार उर्फ मलिंगा (32) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2 किलो 583 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।