नव नियुक्त खनिज निरीक्षकों को मुख्यमंत्री साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र, खनिज राजस्व वृद्धि में योगदान का किया आह्वान

10

The Duniyadari: रायपुर। विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनिज निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और खनिज प्रशासन को प्रभावी बनाने में मैदानी अमले की भूमिका बेहद अहम होती है।

मुख्यमंत्री साय ने नव चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई पीढ़ी के ये अधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और खनिज प्रशासन को सुदृढ़ बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि खनिज विभाग में इन नई नियुक्तियों से विभागीय कार्यबल को मजबूती मिलेगी और खनिज अन्वेषण तथा खनन गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के खनिज राजस्व में वृद्धि के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम जैसे बहुमूल्य खनिजों से समृद्ध है। ये खनिज प्रदेश के राजस्व का प्रमुख आधार हैं और सरकार इनके सुव्यवस्थित दोहन एवं संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नव नियुक्त खनिज निरीक्षकों से अपेक्षा की कि वे राज्य के संसाधनों के संरक्षण और पारदर्शी प्रबंधन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनिज निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। इसके बाद खनिज साधन विभाग द्वारा 19 फरवरी 2026 को 32 अभ्यर्थियों की नियुक्ति आदेश जारी किए गए। इनमें से 30 नव चयनित खनिज निरीक्षकों को आज मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।