शादी का झांसा, सालभर तक संबंध… फिर मुकरा मंडी अधिकारी; रायगढ़ से गिरफ्तार

8

The Duniyadari: कोरबा। जिले में पदस्थ एक कृषि मंडी अधिकारी पर विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, शादी का भरोसा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कटघोरा कृषि मंडी में पदस्थ अधिकारी राहुल साहू ने पहले उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का आश्वासन दिया। महिला का कहना है कि इसी भरोसे में वह करीब एक साल तक उसके साथ संबंध में रही। आरोपी लगातार विवाह की बात दोहराता रहा और इसी महीने शादी तय होने की चर्चा भी थी।

अचानक बदला रुख, संपर्क किया बंद

महिला के अनुसार, तय समय नजदीक आते ही आरोपी ने फोन बंद कर लिया और दूरी बना ली। बाद में संपर्क होने पर उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने कथित तौर पर धमकी भी दी।

शिकायत पर पुलिस सक्रिय

मामले की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के निर्देश पर प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश के लिए एसआई राजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

घरघोड़ा से दबोचा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी घरघोड़ा क्षेत्र में पदस्थ है। टीम ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और कटघोरा लाया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर तथ्य जुटाए जा रहे हैं।