The Duniyadari: कोरबा। क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में Adani Foundation ने ग्राम पंचायत उरगा में 500 मीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कराई है। यह कार्य Korba Power Limited की सामाजिक सहभागिता निधि से कराया जा रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि पक्की सड़क बनने से खासकर बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती ललिता समेलाल, उपसरपंच सनत दिवाकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामचंद्र पाटले एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अन्य गांवों में भी जारी विकास कार्य
इसी कड़ी में हाल ही में कटबीतला में सामुदायिक मंच निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया था। कंपनी द्वारा पताड़ी, सरगबुंदिया, ढनढनी, पहंदा, कटबीतला, खोद्दल सहित आसपास के 14 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ थीम के तहत क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रकल्प आगे भी जारी रहने की जानकारी दी गई है।
































